- शुद्ध जल और ओआरएस की व्यवस्था रहेगी हर बूथ पर
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। चुनाव में दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए बूथ के बाहर कुर्सियों पर बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ गर्मी को देखते हुए ओआरएस का भी वितरण किया जाएगा।
लोकसभा और ददरौल विधानसभा उपचुनाव के लिए 13 मई को मतदान होगा। इस समय गर्मी का असर अच्छा-खासा है। इसको देखते हुए प्रशासन ने प्रत्येक बूथ के बाहर दिव्यांगों और बुजुर्गों के बैठने के लिए 25 कुर्सी डालने की व्यवस्था की है। छायादार स्थान पर इनके बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
पीने के शुद्ध जल और ओरआरएस की व्यवस्था होगी। गर्मी और लू के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें लगातार भ्रमण करती रहेंगी। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर कम से कम एक स्वास्थ्यकर्मी के रुकने की भी व्यवस्था की जा रही है। इससे किसी भी मतदाता को कोई भी परेशानी होने पर तुरंत प्राथमिक उपचार मिल सके।
सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने बताया कि चुनाव में दिव्यांगों और बुजुर्गों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरे प्रयास कर रहा है। गर्मी के मौसम को देखे हुए खास ध्यान रखा जाएगा।