शाहजहांपुर। सीबीएसई की मंगलवार को 12वीं की एकाउंटेंसी की परीक्षा में छात्र-छात्राएं गणितीय प्रक्रिया में उलझे रहे। तीसरे सेट के कुछ प्रश्न कठिन आने से विद्यार्थी उन्हें हल करने के लिए परेशान रहे। परीक्षा में 11 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे।
पहली पाली में एसएसएमवी, तक्षशिला पब्लिक स्कूल, दा रेनसा अकादमी, मारवाह मार्डन, केवी वन व टू समेत नौ केंद्र पर परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 825 में 814 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। इसमें 11 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा केंद्र से बाहर निकले छात्र-छात्राओं ने बताया कि एकाउंटेसी में सेट एक व दो काफी सरल रहा। जबकि तीसरे सेट के कुछ सवाल विद्यार्थियों को परेशान करते रहे। इस बीच आंतरिक सचल दलों ने कक्षों का निरीक्षण किया, लेकिन कोई भी अनुचित सामग्री के साथ नहीं पकड़ा गया।
अर्थशास्त्र की परीक्षा में 142 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर
यूपी बोर्ड परीक्षा की दूसरी पाली में इंटरमीडियट अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 3105 परीक्षार्थियों में 2963 ही उपस्थित हुए। जबकि 142 ने परीक्षा को छोड़ दिया। इससे पहले प्रथम पाली में इंटरमीडियट की कृषि वनस्पति विज्ञान, कृषि अर्थशास्त्र की परीक्षा में 29 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से दूरी बना ली।