भावलखेड़ा ब्लाक के चार शिक्षामित्रों की सेवा समाप्ति की संस्तुति खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने की है। इसको लेकर बीईओ ने बुधवार को संस्तुति पत्र बीएसए को भेजा है। यह शिक्षामित्र फूलगोभी और पीला रंग की अंग्रेजी तक नहीं बता सके। साथ ही साधारण जोड़ घटाना और संख्याएं भी नहीं लिख सके।
बीईओ मनोज बोस ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय वाजिदपुर के राजेश कुमार, शहबाजपुर की रमा श्रीवास्तव, नियामतपुर के सत्यप्रकाश, बड़ावन की शिक्षामित्र ऊषा देवी के बारे में जानकारी मिली कि इन लोंगों को कक्षा तीन की किताबों की मूलभूत जानकारी नहीं है। इसके बाद इन लोगों तीसरे और चौथे सेमेस्टर में ज्ञानवर्धन करने के लिए मौका दिया गया। इसके बावजूद इन लोगों के शिक्षण कार्य में कोई सुधार नहीं हुआ। इसकी सूचना बीईओ ने बीएसए को पहले दी। बोस ने संस्तुति पत्र में यह भी लिखा कि शिक्षामित्रों ने शैक्षिक स्तर पर सुधार न करते हुए राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की है। ऐसा केवल आंतरिक मूल्यांकन में अच्छे नंबर पाने के लिए किया गया। साथ ही कहा कि इन शिक्षामित्रों का शैक्षिक स्तर बहुत कमजोर है। इसलिए इनकी सेवा समाप्त कर दी जाए।