शाहजहांपुर। कृषि विभाग की टीम ने मदनापुर के गांव रजपुरा में खेत में बने कमरे से नकली खाद बनाते हुए युवक को पकड़ा। यहां पर जिंक व फेरस सल्फेट को बनाया जा रहा था। मामले में मदनापुर थाने में आरोपी सर्वेश यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिला कृषि अधिकारी विकास कौशल ने पुलिस टीम के साथ रजपुरा गांव में पहुंचे। खेत में बने मिट्टी के कमरे में पुष्पेंंद्र यादव के खेत में सर्वेश यादव अवैध रूप से जिंक एवं फेरस सल्फेट का निर्माण कर रहे थे। टीम ने उर्वरक के दो नमूने लिए। इस बीच 82 बोरी राख, 23 केमिकल से भरे पीपे तराजू आदि मिले।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सात बड़े सीमेंट के हौद में केमिकल पड़ा मिला है। परिसर को नायब तहसीलदार डॉ.रूबी अंसारी की उपस्थिति में सील कर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि उनकी तहरीर पर सर्वेश यादव के खिलाफ किसानों के साथ धोखाधड़ी करने पर मदनापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। संवाद