तिलहर। राजनपुर मार्ग पर रविवार की रात ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से ई-रिक्शा से जा रहे राजनपुर निवासी पुलिस विभाग के चौकीदार करनलाल की मौत के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर उनके परिजनों ने सोमवार को तहसील जाकर संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान हंगामा किया। सीओ इशिका सिंह ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
गांव राजनपुर निवासी गोला देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पति करन लाल चाहरपुर गांव से खेत पर धान की पौध लगाने के बाद ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे गांव दियाखेड़ा निवासी बूटा सिंह ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। संवाद