जलालाबाद। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि हड़पने के आरोप में डीएम के आदेश पर बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मोहद्दीनपुर निवासी ओमकांत की पत्नी आशावती ने जनता दर्शन में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनके पति की सड़क हादसे में मौत हो जाने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक बीमा दुर्घटना बीमा योजना के तहत आवेदन किया था। कुछ दिन बाद जेठ धनपाल ने उनके खाता नंबर से चेकबुक जारी करा ली।
आरोप है कि कुछ दिन बीतने के बाद जेठ ने उन्हें बरगलाकर एक चेकबुक और एक सादा कागज पर उनसे हस्ताक्षर करा लिए। बाद में पता लगा कि जेठ ने उनके खाते में आई बीमे की धनराशि में से 1.95 लाख रुपये अपने मित्र अवनीश के खाते में भेज दिए हैं। गत 29 मई को गांव बझेड़ा महुआडांडी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक को प्रार्थनपत्र देकर जांच कराने और रकम दिलाने की मांग की।
आशावती का आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने नाराज होकर उनसे अभद्रता की। थाने में तहरीर देने पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने अब रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद