प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए शुक्रवार को तिलहर थाने पहुंचे लेखपाल। संवाद
- फोटो : Archive
तिलहर। लेखपालों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार शाम रिपोर्ट दर्ज कर ली। मामले में नई बस्ती निवासी रचित, जय बाबू और आदित्य को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
बुधवार रात हुई घटना में लेखपाल संघ के तहसील महामंत्री तरुण प्रताप सिंह समेत पांच लेखपाल घायल हुए थे। हमले में महामंत्री बेहोश हो गए थे, जबकि लेखपाल नितिन कुमार का सिर फट गया था। आरोप है कि हमलावर महामंत्री की सोने की चेन भी छीन ले गए थे।
घटना के बाद लेखपाल रवि कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। बृहस्पतिवार को लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और महामंत्री तरुण प्रताप सिंह समेत अन्य लेखपाल कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में डटे रहे। इसके बावजूद पुलिस ने दो दिन बाद मामला दर्ज किया।
रिपोर्ट दर्ज करने में हुई देरी को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे। सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।