रोजा। लोधीपुर में सिटी पार्क काॅलोनी के सामने बैंक ऑफ बड़ौदा की भावलखेड़ा शाखा के पास लगे एटीएम में बुधवार को देर रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति घुस गया और मशीन के साथ छेड़छाड़ कर उसे खोलने का प्रयास करने लगा।
एटीएम के केबिन में लगे सीसी कैमरे के जरिये यह हरकत देख बैंक ऑफ बड़ौदा के मुंबई स्थित कॉर्पोरेट ऑफिस से थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर एक व्यक्ति को शराब के नशे में पाकर उसे हिरासत में ले लिया। बैंक के शाखा प्रबंधक अजीत कुमार की तहरीर पर पुलिस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि प्रबंधक की ओर से अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोपी की पहचान अहमदपुर रेती निवासी रोहित के रूप में हुई है। वह शराब के नशे में एटीएम से पांच सौ रुपये निकालने का प्रयास कर रहा था। रुपये न निकलने पर एटीएम कक्ष में ही लेट गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। संवाद