शाहजहांपुर। पीलीभीत जिले के थाना करेली क्षेत्र के गांव पसियापुर निवासी छह वर्षीय आरव की मौत होने के बाद बुधवार को जाम लगाने के मामले में सिंधौली पुलिस ने 70-75 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बृहस्पतिवार की देर शाम सिंधौली पुलिस ने बालक की मौत के मामले में आरोपी झोलाछाप शिवसरन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है।
सिंधौली थाने में तैनात उप-निरीक्षक अजीत सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 16 सितंबर की सुबह सात बजे सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्तियों ने पुवायां-निगोही रोड पर ग्राम कमलापुर के पास हाईवे पर जाम लगा दिया है। मौके पर जाकर देखा तो सड़क के बीच शव रखा था। गाड़ी व बाइक सड़क के बीच लगाकर रोड बंद कर रखा था। समझाने के बावजूद जाम नहीं खोला और लोग झगड़े पर आमादा हो गए थे। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई की जाएगी। संवाद