शाहजहांपुर। शिक्षक दिवस पर मदनापुर क्षेत्र के ढूकरी खुर्द स्थित उच्च प्राथमिक और प्राथमिक विद्यालय परिसर में नारेबाजी और शिक्षण कार्य में व्यवधान के आरोप में सपा के ददरौल विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मुनेंद्र यादव समेत 11 नामजद और आठ-दस अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रधान अध्यापक अनुज कुमार की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मुनेंद्र यादव समेत कई लोग विद्यालय परिसर में पहुंचे। आरोप है कि वहां समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की गई और विद्यालय में चल रहे शिक्षण एवं सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया गया। इससे छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बना और कुछ बच्चे समय से पहले स्कूल से चले गए।
तहरीर में विद्यालय परिसर में वीडियो बनाने का प्रयास करने और रसोईघर में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताने का भी आरोप लगाया गया। पुलिस ने रात में मुनेंद्र यादव, सर्वेश वर्मा, सर्वेश, अविनाश वर्मा, लईक अहमद शाह, राजीव पाठक, रामकुमार गौतम, ओमकार मौर्या, रमेश वर्मा और शैलेंद्र सिंह समेत 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि मनोबल तोड़ने के लिए यह कार्रवाई की गई है। सपा के लोग डरने वाले नहीं है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की जाएगी।