खुटार में टकराने के बाद क्षतिग्रस्त कारें। संवाद
खुटार। खुृटार गोला रोड पर दो कारों की भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लखीमपुर के थाना गोला के गांव जलालपुर निवासी शहीम की बंडा कस्बे में ई-रिक्शा मरम्मत की दुकान है। शनिवार शाम वह कार से घर जा रहे थे। खुटार से मैलानी के गांव छेदा लालपुर निवासी वीरेंद्र की पुत्री नेहा भी घर जाने के लिए शहीम के साथ कार में बैठ गई। खुटार बाईपास रोड के पास सामने से आ रही कार और शहीम की कार में टक्कर हो गई।
हादसे में शहीम और नेहा गंभीर रुप से घायल हो गए। दूसरी कार में सवार लोग हादसे के बाद कार छोड़कर मौके से भाग निकले। हादसे की सूचना पर 108 सेवा की एंबुलेंस के चालक और ईएमटी ने घायलों को खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया। डॉक्टर ने शहीम और नेहा को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
सूचना पर पुलिस भी सीएचसी पहुंची और घटना की जानकारी लेने के बाद घायलों के परिजनों को जानकारी दी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। संवाद