शाहजहांपुर के रोजा क्षेत्र में रविवार दोपहर लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर हुए सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। सड़क पार करते समय उन्हें कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित कार हाईवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। इससे कार सवार दो लोग घायल हो गए।
शाहजहांपुर में रोजा क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर बरतारा चौराहे के पास सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को कार से टक्कर लग गई। हादसे के बाद अनियंत्रित कार हाईवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। दोनों वाहनों के बीच दबने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार दो लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
रोजा थाना क्षेत्र के गांव रामापुर पींग निवासी मथुरा (55 वर्ष) दिल्ली में अपने भतीजे के साथ रहते थे। तीन दिन पहले ही वह गांव लौटे थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह रोजा से अपने घर जा रहे थे। बरतारा चौराहे पर हाईवे पार करते समय लखनऊ की ओर से शाहजहांपुर आ रही कार से उन्हें जोरदार टक्कर लग गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। इससे मथुरा दोनों वाहनों के बीच दब गए और उनकी मौत हो गई।
हादसे में कार सवार लखनऊ निवासी गौतेंद्र मौर्य और प्रीती मौर्य भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन दिल्ली में हैं। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।