जलालाबाद में हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे थमने का नाम नही ले रहे है। रविवार रात दो लोगों की हुई मौत के बाद अगले दिन सोमवार शाम हुए हादसे में अयोध्या निवासी चार्टर्ड एकाउंटेंट अतुल की 33 वर्षीय पत्नी स्वाति की मौत हो गई। कार चला रहे अतुल के अनुसार, गाड़ी के ब्रेक चिपक जाने से हादसा हुआ। हादसे में अतुल व उनके माता-पिता भी घायल हुए हैं।
अयोध्या जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला दयालनगर निवासी बिजेंद्र सिंह का बेटा अतुल ग्रेटर नोएडा स्थित एक कंपनी में चार्टर्ड एकाउंटेंट है। बिजेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी तारा सिंह के साथ करीब एक माह पहले ग्रेटर नोएडा में बेटे अतुल के पास गए थे।
दीपावली के बाद उनके कहने पर बेटा अतुल सिंह उन लोगों को कार से अयोध्या छोड़ने जा रहा था, साथ में बहू स्वाति भी थी। कार अतुल चला रहा था। बगल वाली सीट पर उसकी पत्नी स्वाति व पिछली सीट पर वह दोनों बैठे थे। शाम करीब चार बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर गांव ढका के पास चैनल संख्या 253 पर कार हवा में उछलकर कई पलटें खाती हुई किनारे जाकर गिरी।
अतुल के अनुसार, कार के ब्रेक अचानक चिपक गए और स्टेयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। कार के पलटते समय पत्नी की साइड वाला दरवाजा खुल गया और वह बाहर जाकर गिरी। हादसे में अतुल को मामूली चोट आई जबकि माता-पिता व पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने स्वाति को मृत घोषित कर दिया। अतुल की शादी चार-पांच साल पहले हुई थी, लेकिन उसके कोई संतान नही है।
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि सभी घायलों का सीएचसी पर इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना घरवालों को दे दी गई है और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
जलालाबाद में हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
जलालाबाद में हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद
जलालाबाद में हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद