खुटार में ओवरब्रिज से टकराई कार। संवाद
- फोटो : बूंदाबांदी के दौरान सड़क पर सन्नाटा।
खुटार। ओवरब्रिज की दीवार और पिलर के बीच में टकरा जाने से कार में सवार युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव बऊआ निवासी 30 वर्षीय अरविंद कुमार ने कुछ दिन पूर्व कार खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, अरविंद सोमवार को वह अपनी कार की सर्विस कराने खुटार आए थे। शाम करीब सात बजे वह गाड़ी की सर्विस कराने के बाद घर लौट रहे थे। कार को गांव बिचपुरी निवासी राहुल चला रहा था।
खुटार से निकलते ही हाईवे के बाइपास के पास कार ओवरब्रिज के पिलर और दीवार के बीच होती हुई ब्रिज की दीवार से टकरा गई। अरविंद और राहुल कार में ही फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को कार से निकालकर 108 सेवा की एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया, जहां अरविंद को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राहुल को रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिवार के लोग भी खुटार के लिए रवाना हो गए हैं। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।