मीरानपुर कटरा। हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम की स्थिति शुक्रवार को और भी विकराल हो गई। पूर्वाह्न 11 बजे रेलवे के हाइटगेज की वजह से भारी भरकम कैप्सूल लादकर ले जा रहा 108 टायरा ट्रेलर उससे निकल नहीं सका। क्रेन से दोनों ओर हाइटगेज को हटाकर कैप्सूल को निकाला गया। इस दौरान ओएचई लाइन की सप्लाई भी बंद करनी पड़ी। इस दौरान सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। आरपीएफ और पुलिस को यातायात संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
शाहजहांपुर में कांट क्षेत्र स्थित कृभको श्याम फर्टिलाइजर के लिए भारी भरकम कैप्सूल ट्रेलर पर लादकर गुजरात से लाया जा रहा था। पूर्वाह्न करीब 11 बजे कैप्सूल हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पहुंचकर हाइटगेज की अपेक्षा ज्यादा ऊंचा होने के कारण फंस गया। इससे वहां दोनों ओर का यातायात ठहर गया। गेटमैन ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को सूचना दी और फिर कंट्रोल का बताया गया। कैप्सूल की वजह से दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। दोपहर करीब दो बजे क्रेन मंगवाकर क्रॉसिंग के हाइटगेज को हटाया गया और ओएचई लाइन की बिजली सप्लाई को रोका गया। इसके बाद ओएचई लाइन को बांस के सहारे ऊपर उठाकर कैप्सूल को रेलवे क्रॉसिंग से निकाला गया। तब अपराह्न 4:10 बजे यातायात शुरू हो सका।