निगोही। पुवायां मार्ग स्थित चौहान राइस मिल मैदान पर निगोही क्रिकेट लीग में निगोही कैपिटल्स ने निगोही नाइटराइडर्स को 13 रनों से हरा दिया। कैपिटल्स के खिलाड़ी अली वारिस ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निगोही कैपिटल्स ने निर्धारित दस ओवरों में छह विकेट पर 141 रन बनाए। अली वारिस ने मात्र 18 गेंदों में 53 रनों की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेली। सोहराब खान ने 20 गेंदों में 41 रन जोड़े। अरशद खान ने भी 10 गेंदों में 17 रनों का योगदान दिया। नाइटराइडर्स की ओर से आनंद और रुद्र ने दो-दो विकेट लिए। 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए निगोही नाइटराइडर्स की टीम दस ओवर में छह विकेट खोकर 128 रन ही बना सकी।
रुद्र ने 20 गेंदों में 62 रन और कामरान ने 21 गेंदों में 40 रन बनाए, लेकिन मध्यक्रम से उन्हें सहयोग नहीं मिला। अली वारिस ने दो ओवरों में तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। अली वारिस को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर नाइट क्रिकेट लीग के अध्यक्ष दीप सिंह जोंटी, सुधीर सिंह, आकिब खान, नदीम मुन्ना, अजीम और शुभनेश उपस्थित थे। संवाद