ददरौल के ग्राम मोहद्दीनपुर कंपोजिट विद्यालय में भरा माइनर का पानी। संवाद
सेहरामऊ दक्षिणी। ददरौल के गांव मोहद्दीनपुर में स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में नहर से निकला पानी भर जाने से वह तालाब जैसा बन गया है। इस कारण छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में कठिनाई होती है। शुक्रवार को स्कूल पहुंचे प्रधानाध्यापक रजनीश सिंह ने ग्रामीणों की मदद से स्कूल परिसर में भरे पानी को बाहर निकलवाया।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि सुबह स्कूल खोलने के लिए पहुंचने पर पता चला कि पास से निकली अजीजगंज डैम की माइनर की साफ-सफाई नहीं होने के कारण उसका पानी ओवरफ्लो होकर स्कूल में भर गया है। स्कूल खुलने के बाद करीब 150 बच्चों के अलावा सभी अध्यापक घुटने तक भरे पानी से निकलकर अपनी कक्षाओं तक पहुंचे।
बाद में मोटर पंप मंगवाकर पानी निकाला गया। नहर विभाग के ठेकेदार रामअवतार का कहना है कि उनके पास केवल नहर की मरम्मत का ठेका है, सफाई का नहीं। संवाद