रोजा (शाहजहांपुर)। क्षेत्र में शादी के नाम पर धोखाधड़ी और ठगी करने का मामला सामने आया है। मूलत: बदायूं के रहने वाले और इन दिनों लोधीपुर में बुआ के घर रह रहे राजेंद्र कश्यप ने ठग गिरोह पर उन्हें शादी कराने का झांसा देकर हजारों की रकम और जेवर हड़प लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र कश्यप ने पुलिस को बताया कि पत्नी की मृत्यु के बाद वह लोधीपुर अपनी बुआ के घर रहने चले आए। इसी दौरान उनके गांव की महिला राजो ने अपने भाई सोनपाल के माध्यम से उनकी दूसरी शादी कराने का प्रस्ताव रखा। इसके लिए ठग गिरोह ने उनसे संपर्क कर उन्हें बिहार और उत्तराखंड के कई एजेंटों से मिलवाया, जिनमें इंद्रदेव मुखिया और आशाराम कम्बोज भी शामिल हैं।
आरोपियों ने शादी के खर्च के नाम पर गत वर्ष 23 दिसंबर को 40 हजार रुपये ले लिए और अगले दिन रुद्रपुर, उत्तराखंड बुलाया। वहां एक पार्क में उन्हें कथित दुल्हन गुड्डी से मिलवाया गया। इसके बाद एक सुनसान शिव मंदिर में बिना पुजारी के कपड़ों और जेवरों का आदान-प्रदान कर उनके साथ शादी कराने का नाटक रचा गया।
राजेंद्र के अनुसार आरोपियों ने बाद में और पैसों की मांग की। मजबूरी में यूपीआई के जरिये मांगी गई रकम ट्रांसफर की। शादी के बाद जब वह अपनी कथित पत्नी के साथ लौट रहे थे, तो आरोपी विनोद कुमार ने उन्हें रास्ते में बाइक से जबरन उतार दिया और धमकाकर भगा दिया। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस को सूचना दी, लेकिन थाने में कोई सुनवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी राजो, सोनपाल, आशाराम कंबोज, ओमवती, विनोद कुमार और गुड्डी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।