राजकीय शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शिक्षकों ने राज्य शिक्षा सेवा के सम्मिलित संवर्ग को विभाजित करने के विरोध में मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया और शासनादेश की प्रतियां फूंकी। इसके बाद शासनादेश वापस लेने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रभारी डीआईओएस को दिया।
उनका कहना था कि राज्य शिक्षा सेवा के सम्मिलित संवर्ग को तीन संवर्गों में विभाजित कर किसी एक वर्ग को लाभान्वित करने की योजना से शिक्षकों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। इसलिए इस शासनादेश का वापस लिया जाए। प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में राजकीय शिक्षक डीआईओएस कार्यालय में उपस्थित हुए। जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की और शासनादेश की प्रतियां फूंकीं। इसके बाद प्रभारी डीआईओएस रणवीर सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। प्रदर्शन करने वालों में संजय शंकर मिश्रा, ज्ञानेश वाजपेयी, प्रेमशंकर सक्सेना, दीपक दीक्षित, सूर्यमणि पांडेय, राजीव अग्रवाल, अंशु सक्सेना, अनीता भास्कर, सुरेंद्र पाल, राजवीर सिंह, साधना सक्सेना, सत्यदेव शर्मा, महेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।