परिषदीय स्कूलों सहित प्राइमरी और जूनियर स्कूलों के बच्चों को गर्मियों के दिनों में दोपहर तीन बजे तक स्कूल में नहीं बैठना होगा। अब विद्यालयों का समय बदलकर सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक कर दिया गया। इससे तीस सितंबर तक विद्यालय दोपहर एक बजे तक ही खुलेंगे। इससे शिक्षकों में काफी खुशी का माहौल है।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रदेश शासन के शिक्षा अनुभाग के सचिव एचएल गुप्ता ने इस आशय का आदेश एक अप्रैल को किया है। बताया कि इस आदेश के अनुसार सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय एक अप्रैल से लेकर 30 सितंबर तक सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक खुलेंगे। वहीं एक अक्तूबर से लेकर 31 मार्च तक स्कूल खुलने का समय सुबह नौ बजे से लेकर शाम तीन बजे तक ही रहेगा। विद्यालयों का समय बदलने पर प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला महामंत्री देवेश वाजपेयी, मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी, जिला उपाध्यक्ष सरताज अली खां, नगर अध्यक्ष इमरान सईद खां एवं सैयद मंजूर हसन आदि ने हर्ष जताया।