शाहजहांपुर। शहर में कई जगह दुकानदार अतिक्रमण कर सड़क पर व्यापार कर रहे हैं। ऐसे में बाजार की सड़कें जाम से कराह रही हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस गंभीर होती समस्या का स्थायी समाधाान निकाल पाने में असमर्थ हैं।
अक्तूबर में नगर निगम ने अभियान चलाकर शहर के बहादुरगंज में पिंक शौचालय के पास से बहादुरगंज पचराहा और सदर बाजार तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसके बाद अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। अब दुकानदारों ने फिर से अतिक्रमण कर लिया है।
बाजार में नगर निगम की ओर से दुकानों के आगे स्टील की रेलिंग भी लगवाई गई है। दुकानदारों को इसके अंदर ही अपनी दुकानों व प्रतिष्ठानों का सामान रखने के निर्देश दिए गए है। इसके बावजूद दुकानदार एक से चार फुट तक सड़क को घेरकर सामान सजाते हैं। कुछ लोग तो सड़क पर व्यापार भी करते हैं।
बृहस्पतिवार को पड़ताल में बहादुरगंज में मोहम्मद अली मार्केट के सामने स्थित पिंक शौचालय के आसपास दुकानें लगी मिलीं। इससे जाम लगने के साथ ही महिलाओं को शौचालय का उपयोग करने में दिक्कत होती है। पिंक शौचालय से बहादुरगंज पचराहा की ओर से जाने वाली मार्ग पर पेंट, हैंडलूम व अन्य दुकानें भी सड़क तक सजी मिलीं।
बहादुरगंज चौकी से सिटीकार्ट मॉल होते हुए पंखी चौराहे से सदर चौराहे तक सड़क पर दुकानें सजे रहने के साथ ही वाहन खड़े मिले, जो जाम का कारण बन रहे थे।
फुटपाथ पर हो रही वाहनों की सर्विस
फोटो - 5
- लाल इमली चौराहा से मल्हार मोड़ होकर तारीन टिकली मार्ग पर ऑटोमोबाइल्स एजेंसियों के संचालक फुटपाथ पर ही वाहनों की सर्विस करते हैं। इस वजह से जाम की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है।
-
दूसरे मार्गों से हटवाया गया अतिक्रमण
फोटो - 19
- बाजार में जाम की समस्या है, लेकिन नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने शहर के अन्य मार्गों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलवाया। मोहनगंज में शहीद अहमद उल्ला शाह पार्क, मोहल्ला लोधीपुर और रेती में मुख्य मार्गों पर स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को जेसीबी से हटवाया। साथ ही दोबारा से अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना लगाने की कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी। उन्होंने सड़क पर सामान को रखकर अतिक्रमण न करने और स्वयं ही हटा लेने की अपील भी की।
-
शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को अपनी देखरेख में कार्रवाई कराई है। बाजार में अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शीघ्र ही अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, नगर आयुक्त