शाहजहांपुर। बंडा और खुटार में बस अड्डा बनाने की कवायद शुरू हो गई है। दोनों कस्बों में बस अड्डे के लिए ग्राम समाज की जमीन देखी गई है। एआरएम ने मौके पर पहुंचकर जमीन का निरीक्षण किया। अब भूमि आवंटन के संबंध में जिलाधिकारी से मुलाकात की जाएगी।
वर्तमान में बस अड्डा नहीं होने के कारण बंडा और खुटार में रोडवेज बसें सड़क किनारे खड़ी होती हैं। इससे यात्रियों को बसों में चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है। वहीं, सड़क किनारे बसें खड़ी होने से यातायात भी प्रभावित होता है। बस अड्डा बनने से यात्रियों को निर्धारित स्थान पर बसों का इंतजार करने की सुविधा मिलेगी। इससे बसों के संचालन को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी।
एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि जमीन चिह्नित करने के बाद भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी है।