खुटार में बस पलटने से घायल पूरनपुर के शंकरलाल। संवाद
खुटार। पूरनपुर जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर पलटने से पिता-पुत्र सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
बृहस्पतिवार शाम निजी बस पलिया से खुटार आने के बाद पूरनपुर जा रही थी। लौहंगापुर जंगल में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस हाईवे किनारे पलट गई। गनीमत रही कि बस जंगल के पेड़ों से नहीं टकराई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने बस से यात्रियों को निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और 108 सेवा की एंबुलेंस से घायलों को खुटार सीएचसी भिजवाया। क्रेन बुलाकर बस को हाईवे से दूर हटाकर आवागमन सुचारू कराया गया।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बस पलटने से पूरनपुर के मोहल्ला चौक निवासी शंकरलाल और उनका पुत्र दीपक कुमार घायल हो गए थे। दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। बस में नौ यात्री ही थे। ज्यादा यात्री होते तो घायलों की संख्या बढ़ सकती थी। घायलों के परजिनों को सूचना दी गई है। बस पलटने के बाद चालक मौके से भाग निकला। बस को कब्जे में ले लिया गया है। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. संजीव कुमार ने बताया कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है।