जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गंगा एक्सप्रेसवे पर गांव ढका और गुलड़िया के बीच चैनल संख्या 257 पर बस का शीशा टूटने पर उतरकर जांच कर रहे औरंगाबाद जिले के थाना जगतपुर क्षेत्र के मुंशी बिगह गांव निवासी विपिन सिंह (51) व हेल्पर गया जिले के थाना आसम क्षेत्र के करमाइन निवासी कौशल (35) को ट्रक ने कुचल दिया। उनकी मौके पर मौत हो गई। भीषण हादसे में विपिन के शव के चीथड़े हाईवे पर बिखर गए। जिन्हें पुलिस ने इकट्ठा किया। हादसे में बस के अन्य यात्रियों को कोई चोट नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार, स्लीपर बस दिल्ली के आनंद विहार से झारखंड के हजारीबाग जा रही थी। रविवार रात करीब 11 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर बस के पिछले हिस्से के शीशे में कोई जोरदार वस्तु लगी। इससे शीशा टूट गया। यात्रियों के कहने पर औरंगाबाद जिले के थाना ओबरा निवासी चालक मृत्युंजय ने बस रोककर किनारे खड़ी कर दी।
इसके बाद कंडक्टर विपिन सिंह और हेल्पर कौशल कुमार नीचे उतरकर आसपास देखने लगे। काफी तलाश के बाद उन्हें कुछ पता नहीं चला तो दोनों बस में चढ़ने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक चालक ने दोनों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि विपिन के शव के चीथड़े हाईवे पर फैल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़े इकट्ठा कराए। इंस्पेक्टर अरविंद चौहान ने पूछताछ के बाद बस को गंतव्य के लिए रवाना किया।
बस के दूसरे चालक जिला औरंगाबाद के पुलवाडेहरी निवासी उदय कुमार ने बताया कि दोनों कंडक्टर व हेल्पर अपने घरों से छह अक्तूबर को निकले थे। आनंद बिहार से रविवार की शाम को चले थे। बस में करीब 60 सवारियां थीं। चालक मृत्युंजय बस चला रहे थे। जबकि उदय कुमार आराम कर रहे थे। शीशा टूटने पर बस से नीचे उतरे थे।
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। ट्रक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मातम में बदलीं दो परिवारों की दीपावली की खुशियां
मृतक विपिन सिंह के परिजनों ने बताया कि हादसे की सूचना पर पत्नी मीरा देवी बेसुध हो गईं। उनकी बेटी तारा, अंजली और ज्योति की जिम्मेदारी मीरा के कंधों पर आ गई है। बेटी तारा शादी लायक हो चुकी है। उसके लिए रिश्ता देखा जा रहा था। वहीं, मृतक कौशल के परिजनों ने बताया कि उनकी पत्नी रिंकी को काफी देर तक मौत की जानकारी नहीं दी गई। उसके काफी पूछने पर बताया गया। उनकी कच्ची गृहस्थी है। उनका आठ साल का बेटा ऋषि, पांच वर्षीय कार्तिक व एक चार साल का बेटा है।
पहले भी टूटे वाहनों के शीशे
गंगा एक्सप्रेसवे पर इससे पूर्व भी दो वाहनों के शीशे ऐसे ही टूटे थे। ग्रामीणों के अनुसार, यह किसी की हरकत है। इसी वजह से दो लोगों की जान चली गई। ऐसे लोगों का पता लगाकर कार्रवाई की जानी चाहिए।
कंडक्टर विपिन सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कंडक्टर विपिन सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन