खुटार से पूरनपुर की ओर जा रही एक निजी बस में शार्ट सर्किट से आग लग गई। खेतों में लगी पंपिग सेट चलाकर लोगों ने बस में लगी आग को बमुश्किल बुझाया, लेकिन तक तक बस जलकर खाक हो चुकी थी। बस में आग लगने से पीलीभीत बस्ती हाइवे पर जाम लग गया।
खीरी के पलिया कसबे से दिल्ली जा रही यादव बस सर्विस की एक निजी स्लीपर बस संख्या यूपी 75 एम/9111 शुक्रवार रात नौ बजे 60 से अधिक यात्रियों को लेकर पलिया से दिल्ली जा रही थी। खुटार के तिकुनिया चौराहे से आधा किमी आगे पूरनपुर रोड पर निकलते ही बस में पिछले पहिए के पास से आग लग गई। चालक ने बस में आग लगी देखी तो बस को रोक दिया और यात्रियों को आग लगने की जानकारी दी। इससे बस में खलबली मच गई। तमाम यात्री गिरते पड़ते बस से निकले और शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पास के खेत में लगी पंपिग सेट चलवाकर बस में लगी आग को बुझाने में जुट गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बस में लगी आग बुझाने में लोगों की मदद में जुट गई। लगभग एक घंटे बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन इस बीच बस जलकर खाक हो चुकी थी।
बस का चालक और अन्य स्टाफ मौके से भाग निकले। मौके पर मौजूद यात्री भी कुछ बोलने से बच रहे हैं। बस में ज्यादातर श्रमिक थे। कुछ व्यापारी भी थे जो दिल्ली खरीददारी करने जा रहे थे। पुलिस पूछताछ से बचने के लिए यात्री भी मौके से भाग निकले। हाइवे पर बसे में आग लगने से आवागमन बंद हो गया। इस कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी गई। एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि आग बुझाने के बाद यातायात को सुचारू कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।