- बचाने आई मां भी झुलसी, चल रहा है उपचार
शनिवार शाम चाय बनाने के लिए गैस बर्नर में जलती माचिस की तिल्ली लगाते ही तेज आवाज के साथ गैस सिलेंडर फट गया और आग लग गई। इस आग ने चाय बनाने गए किशोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे को बचाने गई मां भी गंभीर रूप से झुलस गई। झुलसी मां का उपचार निगोही अस्पताल में चल रहा है।
क्षेत्र के गांव उदरिया निवासी वीरेंद्रपाल का 14 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार इसी थाना क्षेत्र के गांव हमजापुर महेश चंद्र सुभद्रा देवी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। उसका पिता वीरेंद्रपाल निगोही बिजली घर में निजी तौर पर बिजली लाइन पर दैनिक मजदूरी पर काम करता है। अरुण कुमार कालेज से पढ़ कर आया और अपनी मां बिटोली देवी से चाय बनाने को कहा।
बिटोली देवी ने कहा कि मैं जानवरों के लिए चारा काट रही हूं, अपने आप चाय बना लो। अरुण कुमार चाय बनाने के लिए किचन में गए और गैस खोलकर जली माचिस की तिल्ली गैस बर्नर में लगाई ही थी कि तेज आवाज के साथ गैस सिलेंडर जल उठा। गैस सिलेंडर की लगी आग ने अरुण को अपनी चपेट में ले लिया। पलक झपकते ही अरुण की मौत हो गई। अपने बेटे को जलता देख उसकी मां बिटोली देवी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी झुलस गई। झुलसी बिटोली देवी का उपचार निगोही अस्पताल में चल रहा है। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।