शाहजहांपुर। निगोही रोड उपकेंद्र का निसरजई फीडर रविवार को तीन घंटे तक बंद रहा। निसरजई मोहल्ले में गंज शहीद मियां की मजार के पास सर्विस केबल व बंच लाइन में आग लगने से करीब 1500 घराें की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
निसरजई फीडर पर ओवरलोडिंग की समस्या खत्म नहीं हो रही है। आए दिन फाल्ट होने से उपभोक्ता परेशान हैं। रविवार को निसरजई मोहल्ले में दरगाह के पास बंच लाइन में जल गई। इसके अतिरिक्त उपभोक्ताओं की सर्विस केबल भी जल गई। मोहल्ले के लोगों ने उपकेंद्र पर सूचना दी तब फीडर को बंद कर लाइन पर काम शुरू कराया। इसके चलते निसरजई, ढाका ताल, शहीद अशफाक उल्ला खां की मजार के पास का एरिया बंद रहा।
-
खंभा टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित
-शनिवार देर रात देवी प्रसाद इंटर कॉलेज के पास अज्ञात वाहन ने बिजली के खंभे में टक्कर मार दी। जिसके बाद करीब पांच सौ घरों की आपूर्ति बाधित रही। बिजली नही आने से चौभुर्जी, खलीलशर्की समेत कई मोहल्लों के लोगों ने जेई को सूचना दी। रात अधिक होने के चलते कार्य नहीं हो सका। सुबह आपूर्ति को बहाल किया।
-
हथौड़ा व जमौर की बिजली आज बंद रहेगी
-निर्माण कार्य कराए जाने को लेकर दो उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विद्युत उपकेंद्र हथौड़ा में ब्रेकर बदलने के कार्य के चलते पूर्वाह्न 11 बजे से शाम चार बजे तक बंद रखा जाएगा। इस बीच हथौड़ा, रेती, हयातपुर, बिजलीपुरा,अंटा, चमकानी करबला, रोशनगंज, ब्रजविहार कॉलोनी, कैलाशनगर, हनुमत धाम, हुसैनपुरा में आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी तरह जमौर उपकेंद्र पर कार्य कराए जाने के चलते सुबह दस से शाम पांच बजे तक बिजली नहीं आएगी। जेई आदर्श कुमार ने बताया कि कार्य कराए जाने के दौरान उमरगंज, इंडियन ऑयल, पुराने इकनौरा आदि की सप्लाई बाधित रहेगी।