मीरानपुर कटरा। हुलासनगरा गांव में छुट्टा घूमने वाले सांड़ ने जोगिंदर पाल सिंह यादव के दस वर्षीय पुत्र गोविंद को पटककर मार डाला। खेत की ओर जाने के दौरान सांड ने हमला कर दिया था।
जोगिंदर पाल रविवार की सुबह खेत पर धान का पुआल लगा रहे थे। उनका बेटा गोविंद खेत पर खाना लेकर गया था। गांव में घूमने वाला छुट्टा सांड जोगिंदर के खेत पर पहुंच गया। खेत पर पड़े पुआल को सांड़ खाने लगा। गोविंद ने सांड़ को भगाने का प्रयास किया। जिस पर वह गोविंद पर हमलावर हो गया। उसने पटक दिया। इस बीच खेत पर काम कर रहे परिजन उसे बेहोशी की हालत में बरेली के कस्बा फतेहगंज पूर्वी स्थित अस्पताल में लेकर गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोविंद की मौत पर मां सुनीता देवी, बड़ा भाई दीपक यादव, गुड्डू यादव रोते हुए बेसुध हो गए। हादसे की सूचना पर ग्राम प्रधान महेंद्र पाल सिंह यादव, लेखपाल कमलेश मिश्रा मौके पर पहुंचे। परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।