ब्लॉक मुख्यालय भवन का लिंटर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में खंड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत बाल-बाल बच गए। वहीं कर्मचारी जान बचाने को ऑफिस से बाहर को भाग निकले। सीडीओ ने घटना की जांच कराने को कहा है, जबकि ब्लाक प्रमुख ने नई बिल्डिंग स्वीकृत कराने को प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही है।
सोमवार को दिन के करीब 11 बजे खुदागंज ब्लाक मुख्यालय पर खंड विकास अधिकारी डॉ. नरेंद्र पाल सिंह अपने कार्यालय में बैैठे एडीओ पंचायत केके पांडेय से स्वच्छता मिशन के संबंध में आवश्यक पत्रावलियों को देख रहे थे। तभी एकाएक 50 साल पुराने कार्यालय की छत से धड़धड़ाते हुए लिंटर की पपड़ी उनकी टेबिल पर गिरने लगा। उससे टेबिल का शीशा और टेबिल टूट गई। खड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत बदहवाश होकर कार्यालय से निकलकर भाग खड़े हुये। दोनों अधिकारियों की देखादेखी सारा स्टाफ अपनी सीटें छोड़कर कार्यालय से बाहर आ गया। बता दें कि खुदागंज ब्लाक की बिल्डिंग जर्जर अवस्था में है। आये दिन छत से सीमेंट के टुकड़े गिरते रहते हैं। इस खस्ताहाल बिल्डिंग को बनवाने के लिये बजट नहीं है जबकि इसी बिल्डिंग के नीचे बैठकर क्षेत्र के विकास के लिये करोडों खर्च किये जाते हैं।
खुदागंज में खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में लिंटर का फर्श गिरने की सूचना मिली है। कार्यालय की मरम्मत कराई जायेगी। कर्मचारियों के बैठने के लिये समुचित व्यवस्था होगी। - टीके शिबू, सीडीओ
घटना की जानकारी मिली है। खुदागंज ब्लाक का भवन जर्जर एवं जीर्णशीर्ण है। नये भवन के लिये जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।- नरेंद्र कुमार गुप्ता, ब्लाक प्रमुख खुदागंज।