- ढाईघाट गंगातट पर पशु चराने गया था किशोर
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। ढाई घाट पर गंगा नदी के पास भैंस नहलाते समय रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम चौंरा (गुटेटी दक्षिण) निवासी सुदीप चौहान का 16 वर्षीय पुत्र मोहित डूब गया। फर्रुखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र की पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम चौंरा निवासी मोहित अपने पशु चराने के लिए ढाईघाट गंगातट की ओर गया था। उसकी भैंस गंगा में चली गयी। तभी मोहित भी भैंस को नहलाने के लिए गंगा में चला गया। भैंस नहलाते समय वह गहरे पानी मे चला गया। इससे वह डूबने लगा। पशु चराने वालों के शोर मचाने पर ग्राम कमथरी और चितार गांवों के गोताखोरों ने दो घंटे तक गंगा में तलाश करने के बाद मोहित को बाहर निकाला। तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पिता सुदीप की सूचना पर शमशाबाद थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मोहित तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मोहित की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।