बेसिक शिक्षा विभाग की 31वीं मंडलीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ओसीएफ के अपर महाप्रबंधक बिंदेश्वर सिंह ने प्रतियोगिता की अध्यक्ष सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी (एडी) शशि देवी शर्मा, डायट प्राचार्य राकेश कुमार, बदायूं के बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा के साथ विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियनशिप की शील्ड बदायूं की झोली में गई, जबकि मेजबान शाहजहांपुर रनरअप रहा। बरेली को तीसरा और पीलीभीत को चौथा स्थान मिला। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर यही परिणाम रहा। समापन पर बच्चों ने मनमोहक रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
ओसीएफ स्टेडियम में चली दो दिवसीय मंडलीय प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक स्तर पर व्यक्तिगत रूप से बालक वर्ग में बदायूं के रोहित यादव और बालिका वर्ग में बदायूं की ही गुंजन तथा प्राथमिक स्तर पर शाहजहांपुर के अमन और बालिका वर्ग में बरेली की विनीता चैंपियन बनी। इससे पूर्व जिला व्यायाम शिक्षक राम प्रसाद और जिला व्यायाम शिक्षक बालिका डॉ. विनय गुप्ता के नेतृत्व में सुबह से ही विभिन्न स्पर्धाएं कराई गईं। प्रतियोगिता की खास बात यह भी रही कि प्रतियोगिता की आयोजक एडी बेसिक शशि देवी शर्मा, संयोजक बीएसए राकेश कुमार और सह संयोजक खंड शिक्षाधिकारी मुख्यालय संजय शुक्ला दोनों दिन स्टेडियम में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों एवं व्यायाम शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते रहे।