शाहजहांपुर। विभिन्न स्थानों पर सड़कों की मरम्मत के लिए फुटपाथों की खुदाई का काम भारत संचार निगम लिमिटेड के टेलीफोन नेटवर्क पर भारी पड़ रहा है। सोमवार को दोपहर सीतापुर के पास ऑप्टिकल फाइबर केबल कटने से ब्रॉडबैंड और इंटरनेट सेवाएं लड़खड़ा गईं। रही बची कसर लखीमपुर खीरी का लिंक टूटने से पूरी हो गई और जिले मेें बीएसएनएल की संचार सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। करीब तीन घंटे बाद दोनों फाल्ट ठीक होने पर इंटरनेट का लिंक मिल सका।
बीते दिन भी ओएफसी में फाल्ट से बीएसएनएल की विभिन्न सेवाओं में सुबह से रात तक बार-बार बाधा पड़ती रही। बीच में मोबाइल उपभोक्ताओं को सिगनल भी मिलते रहे। इससे किसी तरह काम चलता रहा। सोमवार को दोपहर 12 बजे तक टेलीफोन सेवाएं सामान्य रहीं, लेकिन आधा घंटे बाद से सभी तरह की सेवाएं ठप हो गईं। जिले में बीएसएनएल के प्रीपेड और पोस्ट पेड मोबाइल धारकों की संख्या हजारों में है और ब्रॉडबैंड के करीब दो हजार से अधिक कनेक्शन हैं। नेटवर्क में खराबी आने पर मोबाइल से सिगनल गायब हुए तो लोग अपने मित्रों-परिचितों से हाय-हैलो करने को तरस गए।
ब्रॉड बैंड नहीं चलने से साइबर कैफों का धंधा मंदा पड़ गया। यही नहीं, सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों से डाटा संप्रेषण का काम भी प्रभावित हुआ। जिला प्रबंधक दूरसंचार सौरभ मिश्रा ने उच्चाधिकारियों से संपर्क किया तो पता चला कि सीतापुर और लखीमपुर खीरी के पास केबल कट गया है। टीडीएम मिश्रा के अनुसार बरेली के नेटवर्क में भी कुछ देर को खराबी आई और इसी वजह से जिले की संचार सेवा ज्यादा प्रभावित हुई। उन्होंने बताया कि शाम 3.40 बजे सभी फाल्ट ठीक होने पर टेलीफोन नेटवर्क सामान्य हो सका।