लखनऊ में मंगलवार को दोपहर भारत संचार निगम लिमिटेड की ऑप्टिकल फाइबर केबिल में हुआ फाल्ट जिले के बीएसएनएल उपभोक्ताओं पर बेहद भारी पड़ा। दोपहर से शाम छह बजे तक शहर में बीएसएनएल की ब्रॉड बैंड सेवा ठप रही और कंपनी के उपभोक्ताओं को बीएसएनएल समेत अन्य संचार कंपनियों के नेटवर्क को इस्तेमाल करना कठिन हो गया।
बीएसएनएल के उपभोक्ताओं को काल ड्रॉप, फाल्स रिंग, कॉलर वॉयस की कमी जैसी समस्याओं से आए दिन जूझना पड़ता है, लेकिन मंगलवार को उनकी दिक्कतें काफी बढ़ गईं। दोपहर 12 बजे के बाद अचानक ब्रॉड बैंड सेवा ठप होने के साथ इंटरनेट की कनेक्टिविटी मिलने में परेशानी होने लगी। लोगों ने अन्य कंपनियों के नेट कनेक्टर इस्तेमाल करकेे काम निकालना चाहा, लेकिन स्पीड बेहद कम रही।
साइबर कैफे का हाल भी बेहाल रहा। शाम करीब सात बजे ब्रॉड बैंड सेवा बहाल होने पर लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन कॉल ट्रांसमिशन की समस्या दिन ढले तक बरकरार रही।
टीडीएम राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि लखनऊ के महानगर इलाके की ओएफसी केबिल में आई खराबी देर शाम ठीक कर ली गई है।