पुवायां। दो सिपाही तीन गरीब विक्रेताओं के कटरुआ भरकर थाने ले आए। इसके बाद इसे आपस में बांट लिया गया।
नगर के राजीव चौक पर काफी भीड़ रहती है। यहां मार्ग किनारे कटरुआ बेचने वाले फड़ सजा देते हैं। खरीदारों के खड़े होने से आवागमन में दिक्कत हो जाती है। शुक्रवार को यहां जाम लग जाने के दौरान सिपाहियों ने फड़ पीछे करने के लिए कहा, लेकिन कटरुआ बेचने वालों ने अनसुनी कर दी। शाम को पुलिसकर्मी फिर वहां पहुंचे तो फड़ हाईवे किनारे ही लगे मिले। इस पर एक सिपाही ने एक कटरुआ बेचने वाले को पकड़ लिया और बाइक से थाने ले गया। दो कटरुआ बेचने वाले भाग गए।
इस पर दूसरा सिपाही एक ई-रिक्शा से तीनों विक्रेताओं के कटरुआ थाने ले गया। 40 से 50 किलो कटरुआ थाने पहुंचा तो घर ले जाने की होड़ मच गई। सिपाहियों-होमगार्डों ने कटरुआ आपस में बांट लिया। कटरुआ विक्रेता का अतिक्रमण करने के आराेप में चालान काट दिया गया। सूत्रों का कहना है कि अगर थाने के सीसीटीवी चेक करवाए जाएं तो असलियत सामने आ जाएगी।
बता दें कि कटरुआ अवैध रूप से जंगल से लाकर बेचा जाता है। इस संबंध में वन विभाग कारवाई भी करता है।
राजीव चौक पर जाम लग जाता है इस कारण कटरुआ बेचने वाले थाने लाए गए थे। पुलिसकर्मियों के कटरुआ ले जाने की जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी।
-पंकज पंत, सीओ पुवायां