शाहजहांपुर। एसओजी व निगोही पुलिस ने जेवां मुकंदपुर गांव में लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के सिसोरा निकूमपुर गांव निवासी अमित की हत्या का खुलासा किया है। अमित की हत्या उसके साले अभिषेक ने अपने भाई अमन व दोस्त माइकल के साथ मिलकर की थी। अभिषेक और अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है, माइकल भागा हुआ है।
सोमवार की दोपहर पुलिस लाइन में एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने वारदात का खुलासा किया। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में हरदोई जिले के थाना शाहबाद क्षेत्र के गढ़ेपुर निवासी अभिषेक व उसके भाई अमन ने बताया कि साथी माइकल निवासी गांव सूरा थाना पाली, हरदोई के साथ मिलकर अमित की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
आरोपियों ने बताया कि अमित रिश्ते में जीजा लगता था। उसका घर आना-जाना लगा रहता था। फोन से भी बात होती रहती थी। आरोपी अभिषेक ने बताया कि उसे शक था कि अमित का परिवार की एक महिला से प्रेम प्रसंग है। पता चलने पर यह बात भाई अमन को बताई।
इसके बाद अमन ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 23 मई को अमित निगोही के जेवां मुकुंदपुर गांव में मामा की पुत्री की शादी आया हुआ था। तब दोनों भाई दोस्त माइकल के साथ आए। अमित को बाइक से गांव के बाहर ले गए। अभिषेक ने बताया कि चकरोड पर माइकल के साथ मिलकर अमित के हाथ पकड़ लिए। भाई अमन ने तमंचे से अमित के सिर पर गोली मार दी।
इसके बाद अमित का मोबाइल लेकर भाग गए थे। वहीं, इस हत्याकांड में मृतक के चाचा सरोज ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी माइकल की तलाश की जा रही है।