शाहजहांपुर। तेज आंधी के कारण 33 केवीए अब्दुल्लागंज उपकेंद्र की लाइन ब्रेक डाउन में आ गई। इसके कारण करीब नौ हजार घराें की आपूर्ति बाधित हो गई। जिले में अन्य जगहों पर भी फॉल्ट आए हैं।
शनिवार की सुबह छह बजे आंधी आने के बाद अब्दुल्लागंज उपकेंद्र ठप हो गया। बिजली जाने से लोग परेशान हो उठे। करीब एक घंटे के बाद बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। दूसरी ओर पूर्वाह्न 11 बजे अजीजगंज डैम के पास बंच लाइन डालने के कारण चार घंटे तक इलाके की बिजली ठप रही। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बिजली आई।
जमौर विद्युत उपकेंद्र के गांव सिमरिया सहसपुर में आंधी के बाद बिजली गुल हो गई। लोगों ने जेई को कॉल कर सूचित किया। फिर भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। लोगाें ने कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज दर्ज कराई, तब स्टाफ मौके पर पहुंचा।
तालगांव में खंभे टूटे, पांच दिन से बिजली गुल
दस जून को आई आंधी के कारण निगोही के तालगांव फीडर की बिजली आपूर्ति पांच दिन से बाधित है। जेई निगोही ब्रजेश सिंह के अनुसार, खंभे लगाने के लिए हाइड्रा नहीं मिल पाने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
जैतीपुर का अगरोली गांव 20 दिन से अंधेरे में
शाहजहांपुर/जैतीपुर। जैतीपुर थाना क्षेत्र के अगरोली गांव में पिछले 20 दिन से बिजली संकट गहराया हुआ है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण कई दिनों से बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। अगरोली गांव के साजन गुप्ता ने बताया कि उनके गांव का ट्रांसफाॅर्मर पिछले 20 दिनों से खराब पड़ा है। यह ट्रांसफाॅर्मर अब तक बदला नहीं गया है। इस कारण भीषण गर्मी में लोगों का हाल-बेहाल है। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान करने की मांग की है। वहीं, सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के बादशाहनगर में भी बिजली का संकट है। यह उपकेंद्र अटसलिया से जुड़ा है। काफी जर्जर लाइन होने के कारण आए दिन दिक्कत बनी रहती है। एक बार बिजली जाने पर कई दिन इंतजार करना पड़ता है। इसे लेकर अफसराें से शिकायत भी की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। संवाद