शाहजहांपुर। अल्हागंज थाना क्षेत्र के रतनापुर गांव निवासी 12 वर्षीय अतुल की शुक्रवार शाम रामगंगा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद नदी में डूबे अतुल को बाहर निकाला। शव को देख उनके परिवार में कोहराम मच गया।
शुक्रवार की दोपहर पिंकू गल्ला मंडी गए हुए थे। इस बीच उनका बेटा अतुल गांव के तीन-चार बच्चों के साथ घर से एक किलोमीटर दूर रामगंगा नदी में नहाने के लिए गया। नहाने के दौरान पैर फिसलने से अतुल डूबने लगा तो साथ गए बच्चों ने शोर-शराबा किया। एक बच्चा भागकर गांव आया और परिवार के लोगों को जानकारी दी।
इसके बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर गए। नदी में घुसकर अतुल की तलाश शुरू की। करीब डेढ़-दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने अतुल को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। बेटे के शव को देख पिंकू बिलख पड़ा। पोस्टमॉर्टम हाउस पर पिंकू मोबाइल में इकलौते बेटे के फोटो को देख रो पड़ा।
पिंकू ने बताया कि पिछले साल उनकी पत्नी ममता की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उनकी बेटी परी उम्र तीन साल है। इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
अतुल का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन