शहर के मुन्नूगंज फाटक पर गोवंश की मौत के बाद लगी भीड़। संवाद
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला मुन्नूगंज फाटक के पास खंभे में उतरे करंट से पार्षद सीमा सारस्वत के गोवंशीय पशु की मौत हो गई। इससे नाराज होकर उन्होंने लाइन जोड़ने से रोक दिया। लोगों ने क्षेत्र की आपूर्ति बंद होने पर विरोध जताया। अधीक्षण अभियंता से वार्ता के बाद साढ़े तीन घंटे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान काफी हंगामा हुआ।
दोपहर ढाई बजे मुन्नूगंज फाटक के पास खंभे में उतरा करंट लगने से बछड़े की मौत हो गई। लोगों ने सूचना देकर बिजली की लाइन को बंद कराया। इस बीच पहुंचे अवर अभियंता रामसुरेश से नाली में लगे खंभों को हटाकर दूसरी जगह लगाने की मांग की गई। पार्षद पक्ष ने दूसरी जगह खंभा नहीं लगने पर बिजली की लाइन जोड़ने से इन्कार करते हुए लाइनमैन को वापस कर दिया।
इस बीच तीन ट्रांसफॉर्मरों के उपभोक्ताओं की बिजली की लाइन बंद रही। क्षेत्र की बिजली जाने पर लोगों ने नाराजगी जताई। इसके बाद पार्षद समेत क्षेत्र के कई लोग अधीक्षण अभियंता से मुलाकात करने के लिए पहुंचे। उनके नहीं मिलने पर फोन पर बात की। पार्षद के पति संजय सारस्वत ने बताया कि अधीक्षण अभियंता ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद शाम छह बजे बिजली की आपूर्ति बहाल हो सकी।
अधिशासी अभियंता नगर आरपी सिंह ने बताया कि बारिश के कारण खंभे में करंट उतर आया था। पार्षद पक्ष के लोग खंभा हटाने की मांग कर रहे थे। उसके बाद थाने में तहरीर देना पड़ी। फिर लाइन जोड़ने को सहमति मिली है।
33 केवीए लाइन में फॉल्ट से बिजली गुल
ककरा उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन का तार टूटने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। निगोही रोड उपकेंद्र की क्रॉसिंग लाइन होने के कारण तार जोड़ने के चलते पंचपीर फीडर व निसरजई फीडर को सुबह आठ से दस बजे तक बंद रखकर कार्य कराया गया। इस बीच करीब दो घंटे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इसी तरह पुवायां के गंगसरा उपकेंद्र के नत्थापुर फीडर पर रात 12 बजे बिजली चली गई। लोगों की शिकायत पर दोपहर 12 बजे बिजली शुरू की गई।