भाजपा बुनकर और कामगार प्रकोष्ठ के प्रांतीय सह संयोजक आशीष त्रिपाठी अक्षय ने विहिप के जिला मंत्री राजेश अवस्थी के पूर्व मंत्री आजम खां के बारे में दिए गए बयान को दकियानूसी बताया है। कहा, आजम खां की जीभ काटकर लाने वाले को 50 लाख रुपये देने की घोषणा करना राजेश का सिर्फ सस्ती लोकप्रियता पाने का तरीका है। सरकार को इनाम की राशि वसूलकर राजकीय कोष में जमा करा लेनी चाहिए। उसका उपयोग गरीब परिवारों की कन्याओं की शिक्षा और उनके विवाह में किया जाना चाहिए। वह मोहल्ला बाडूजई पेशावरी में प्रकोष्ठ के प्रांतीय मीडिया प्रभारी मोहम्मद इरफान के आवास पर पत्रकारों से रूबरू हुए।
आशीष ने भारतीय सैनिकों के संबंध में सपा नेता आजम खां के बयान की निंदा की। साथ ही कहा कि किसी भी व्यक्ति का अंगभंग करना या करने के लिए उकसाना, दोनों ही अपराध हैं। बोले, भाजपा की केंद्र सरकार को तीन साल और प्रदेश सरकार को 100 दिन पूरे हो चुके हैं। भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने सपा पर अल्पसंख्यक समाज को भ्रमित करने और बसपा पर नोट की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि प्रकोष्ठ की ओर से जुलाई में पौधरोपण कराया जाएगा और 14 अगस्त को रक्तदान शिविर लगेगा। इस मौके पर प्रांतीय मीडिया प्रभारी मोहम्मद इरफान और सह मीडिया प्रभारी शाहिद अंसारी मौजूद रहे।