खुटार में मिला लावारिस बैग खोलते बम निरोधक के सदस्य। संवाद
खुटार। मैलानी रोड के ओवरब्रिज के नीचे एक लावारिस ट्राॅली बैग मिलने से खलबली मच गई। बाद में बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर ट्राॅली बैग को खोला तो उसमें कपड़े रखे मिले।
ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग दुकाने लगाते हैं। मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे लोग दुकान लगाने पहुंचे तो पुल के नीचे आसमानी कलर का एक ट्राॅली बैग रखा मिला। लगभग एक घंटे तक इंतजार के बाद भी कोई बैग लेने नहीं पहुंचा तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से ट्राॅली बैग के बारे में जानकारी ली, लेकिन कोई भी बैग के बारे में जानकारी नहीं दे सका। पुलिस ने लोगों को बैग से दूर हटा दिया और अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद जिला मुख्यालय से पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने बैग को खोला तो उसमें कपड़े मिलने पर सभी ने चैन की सांस ली।
बैग में नेपाल के जिला कैलाली के गौरीगंगा निवासी रोशन साउद के नाम का नागरिक प्रमाणपत्र बरामद हुआ। पुलिस बैग में बरामद वस्तुओं को कब्जे में लेकर थाने ले आई। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि ट्राॅली बैग में कपड़े मिले हैं। नेपाल का यात्री बैग भूल गया था।