पुवायां के गांव शहबाजपुर की पूजा देवी का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
पुवायां। शादी के चार माह बाद गांव शहबाजपुर निवासी पूजा देवी (27) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके में उनका शव फंदे से लटका मिला। भाई सचिन ने बहनोई और उनके परिजनों पर दहेज के लिए बहन को परेशान करने और इसी कारण आत्महत्या करने का आरोप लगाया है।
शहबाजपुर के सचिन अवस्थी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बहन पूजा देवी की शादी 30 अप्रैल 2026 को खुटार के गांव मोहनपुर के अनुपम दीक्षित से की थी। बहन के ससुराल वाले दहेज कम मिलने की बात कहकर पूजा का उत्पीड़न करते थे। एक सप्ताह पूर्व सचिन अपनी बहन को घर लाए थे।
बुधवार को सचिन और उनका भाई विशाल किसी काम से बाहर गए थे। घर पर पूजा और पूजा की मां किरन देवी थीं। सचिन के अनुसार बुधवार शाम पूजा अपने पति से बात करती हुई घर से निकल गईं और मकान के पीछे बने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। मां के शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे। परिजन खिड़की तोड़कर कमरे में पहुंचे। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।