शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडियट बोर्ड की परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गईं हैं। परीक्षा को सकुशल व नकलविहीन कराने के लिए पांच जोन में बांटते हुए जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसी तरह 126 केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। दस फरवरी को जिम्मेदारों की बैठक होगी।
18 फरवरी से होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 126 केंद्र तय किए गए हैं। परीक्षा के लिए सचल दलों की नियुक्ति कर दी गई है, साथ ही प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं भी प्राप्त हो गईं हैं। इनके वितरण के लिए रोस्टर बनाया जा रहा है। इस बीच डीएम ने परीक्षा की निगरानी के लिए पांच जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक तहसील के एसडीएम को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। इसी तरह प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। इसके तहत 126 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। जबकि 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। परीक्षा की तैयारियों और विस्तारित दिशा-निर्देश के लिए दस फरवरी को अटल बिहारी ऑडीटोरियम में केंद्र व्यवस्थापकों, सहायक केंद्र व्यवस्थापकों व अन्य जिम्मेदारों की बैठक का आयोजन होगा।
कक्ष निरीक्षकों की तैयार हो रही सूची
परीक्षा को बेहतर तरीके से कराने के लिए कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। बड़ी संख्या में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगनी है। इसके चलते बेसिक शिक्षा परिषद से भी सहयोग लिया जाएगा।