शाहजहांपुर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित आरोग्य मेलों में काफी संख्या में मरीज पहुंचे। कुर्रियाकलां में पीएचसी पर आयोजित जन आरोग्य मेले में उपचार कराने पहुंचे कई मरीजों के खून की जांच नहीं होने से उन्हें इस काम के लिए कांट सीएचसी जाना पड़ा। यहां लैब टेक्नीशियन का पद रिक्त होने से मरीजों की खून की जांच नहीं हो सकी। परीक्षण में अधिकतर मरीज वायरल बुखार और खुजली से पीड़ित मिले। डॉ.शैलेश द्विवेदी ने उन्हें आवश्यक दवाएं दीं।
तिलहर। कुंवरगंज पीएचसी पर 35 व राजनपुर पीएचसी पर डॉ. अभिषेक जौहरी ने 55 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाने के लिए ताजा सुपाच्य भोजन करने की सलाह दी गई। सेहरामऊ दक्षिणी स्थित पीएचसी पर बुखार, सर्दी, खांसी और पेटदर्द से परेशान 35 मरीजों की जांच डॉ. उस्मान अली ने की।
खुदागंज के हसनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. फहीम खां ने 27 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें दवाएं दीं। परौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मचारी योगेंद्र कुमार सिंह ने 20 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं मुहैया कराईं। एसीएमओ डॉ.पीपी श्रीवास्तव ने बताया कि कुर्रियाकलां में व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाएगा। संवाद