शाहजहांपुर। कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में सुबह दस बजे से अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में लोग स्वेच्छा से रक्तदान कर सकते हैं।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित शिविर की सारी तैयारियाें को पूर्ण कर लिया गया है। शिविर का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार करेंगे। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल भी शिविर में सहयोग करेगा। महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने बताया कि वह खुद 40 बार रक्तदान कर चुके हैं। व्यापारियों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते रहते हैं। रक्तदान में शिक्षक, समाजसेवी, व्यापारी और गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है।
चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, रक्तदान करने से शरीर पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। इससे कमजोरी भी नहीं आती है। लोगों का जीवन बचाने के लिए सभी को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान को लेकर भ्रांतियों से दूर रहने की जरूरत है। एक स्वस्थ व्यक्ति साल में चार बार रक्तदान कर सकता है। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. जीतू राज ने बताया कि लोगों को हर साल तमाम लोगों की मृत्यु रक्त के अभाव में हो जाती है। रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं होता। लोग रक्तदान के लिए आगे आएं। यह किसी का जीवन बचा सकता है।