शाहजहांपुर। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार शाम कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्विरोध जीत दर्ज कराने वाले नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों को निर्वाचित होने के प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर डीएम ने उन्हें बधाई देने के साथ अब सारा ध्यान विकास कार्यों पर केंद्रित करने का अनुरोध किया।
डीएम ने जिन नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों को जीत के प्रमाण पत्र दिए, उनमें मदनापुर के ब्लॉक प्रमुख महेश पाल सिंह, ददरौल के मुनेश्वर दयाल, कांट के श्रीदत्त शुक्ला, जलालाबाद की लता सिंह, मिर्जापुर के प्रियांशु रघुवंशी, कलान की रुचि वर्मा, खुटार के नमित दीक्षित, पुवायां की नीलम देवी, खुदागंज की अर्चना गुप्ता और निगोही के नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख सचिन कुमार वर्मा शामिल हैं। इन सभी ब्लॉक प्रमुखों के साथ आए परिवारजनों और समर्थकों ने उन्हें फूलमालाएं पहना कर बधाई दी।
इस मौके पर डीएम ने ब्लॉक प्रमुखों को बधाई देते हुए कहा कि जिस मकसद से चुनाव लड़ा है, उसे पूरा करने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यो पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने महिला ब्लॉक प्रमुखों से कहा कि यदि उनके पति अथवा परिवार के अन्य सदस्य उनके कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करें तो वह अपनी शिकायत उनके कार्यालय में कर सकती हैं।