फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा के नौ प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय, छह जगह होगा मुकाबला

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। ददरौल, जलालाबाद, मिर्जापुर, कलान, मदनापुर, खुदागंज-कटरा, खुटार और पुवायां ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बनना तय हो गया है तो निगोही में सपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज होने पर यहां भी भाजपा उम्मीदवार का ब्लॉक प्रमुख बनना तय है।
विज्ञापन

निगोही में रिटर्निंग ऑफिसर ने नामांकन पत्र में प्रस्तावक की फोटो न लगी होने और जमा धनराशि की रसीद न लगने पर पर्चा खारिज किया। वहीं भावलखेड़ा, बंडा, जैतीपुर, तिलहर, कांट और सिंधौली में सपा समर्थित प्रत्याशी ने नामांकन कराया है। नौ जुलाई को नामांकन वापसी होगी। यहां बता दें कि सपा ने नौ प्रत्याशी घोषित किए थे लेकिन दो जगहों पर प्रत्याशी नामांकन कराने ही नहीं पहुंचे। सपा का कहना है कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।
भाजपा के लिए ददरौल से मुनेश्वरदयाल, जलालाबाद से लता सिंह, मिर्जापुर से प्रियांशु रघुवंशी, कलान से रुचि वर्मा, मदनापुर से महेशपाल सिंह, खुदागंज-कटरा से अर्चना गुप्ता, खुटार से नमित दीक्षित, पुवायां ब्लॉक सेे नीलम देवी ने एकल नामांकन कराया है जबकि निगोही में सपा प्रत्याशी खारिज होने पर भाजपा के सचिन वर्मा मैदान में रह गए हैं। इन लोगों का निर्विरोध चुना जाना तय है।
विज्ञापन

-
मिर्जापुर में प्रियांशु रघुवंशी का एकल नामांकन
मिर्जापुर ब्लॉक में भाजपा के युवा प्रत्याशी प्रियांशु सिंह रघुवंशी का अकेले नामांकन होने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। यहां पर सपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। प्रियांशु सिंह के निर्वाचन में जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर वीरभान सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार सिंह पप्पू भैया, प्रधान प्रतिनिधि ब्रह्मपाल सिंह रघुवंशी, पुष्पेंद्र सिंह भदौरिया आदि का सहयोग रहा।
-
रुचि वर्मा का कलान ब्लॉक प्रमुख बनना तय
कलान में भाजपा की प्रत्याशी रुचि वर्मा के अतिरिक्त अन्य किसी ने नामांकन नहीं कराया। रुचि वर्मा ब्लॉक परिसर में दोपहर 12 बजे निर्वाचन अधिकारी के पास नामांकन करने पहुंचीं। तीन बजे तक ब्लॉक परिसर में निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार के पास अन्य किसी का नामांकन नहीं पहुंचने पर भाजपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। रुचि वर्मा ने नामांकन पत्रों के चार सेट दाखिल किए। उनके प्रस्तावक तथा अनुमोदक के रूप में क्षेत्र पंचायत सदस्य अखिलेश गिरी, विपिन यादव, रीता देवी, पारुल गुप्ता, अर्जुन, पुष्पा उपस्थित रहीं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े बजाकर खुशी का इजहार किया। भाजपाइयों ने 51 किलो फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। रुचि वर्मा निवर्तमान प्रधान कलान विमलेश वर्मा की पुत्रवधू हैं। विमलेश वर्मा के पति रामगोपाल वर्मा कलान के ग्राम प्रधान और भाजपा के मंडल अध्यक्ष रहे हैं। नामांकन में जिला महासचिव अनिल गुप्ता, पूर्व ब्लाक प्रमुख गेंदन लाल गुप्ता, राम गोपाल वर्मा, रामनिवास गुप्ता, राहुल वर्मा, पंकज गुप्ता, विनोद गुप्ता, मनोज गुप्ता, वीरेश गुप्ता, यशपाल वर्मा, संजीव वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद
-
जलालाबाद : लता सिंह के नामांकन में एकजुट दिखी भाजपा
जलालाबाद में ब्लॉक प्रमुख पद की भाजपा प्रत्याशी लता सिंह ने धूमधाम से नामांकन कराया। इस दौरान उनके साथ सांसद समेत कई भाजपा नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। अंतिम समय तक किसी अन्य उम्मीदवार के नामांकन न कराने से लता सिंह का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। सांसद अरुण सागर, पूर्व विधायक नीरज कुशवाहा, चेयरमैन मनेंद्र गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार मंगलम, भाजपा नेता मनेन्द्र सिंह चौहान समेत कई पार्टी नेताओं के साथ ब्लॉक पहुंचीं लता सिंह ने दोपहर करीब दो बजे नामांकन के दो सेट सहायक निर्वाचन अधिकारी बाबूलाल व विकास चंद्र श्रीवास्तव को सौंपे। नामांकन के दौरान ब्लॉक परिसर में एसडीएम सौरभ भट्ट के अलावा बड़ी तादाद में पुलिस बल मौजूद रहा। नामांकन के बाद लता सिंह को समर्थकों ने फूलमालाओं से लाद दिया और जिंदाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख गोपाल वर्मा, भाजपा नेता दिनेश राठौड़, जितेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप मिश्रा, गौरव राघव, प्रियांशु शुक्ला, भूपेंद्र सिंह, गोविंद गुप्ता, वैभव त्रिवेदी, राहुल चौहान समेत कई बीडीसी व समर्थक मौजूद रहे।
-
तिलहर : भाजपा से कविता, सपा से राजवती ने कराया नामांकन
तिलहर। तिलहर से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा प्रत्याशी कविता यादव पत्नी वरुण यादव उर्फ रसूली ने दो सेट दाखिल किए। वहीं सपा प्रत्याशी राजवती पत्नी नरवीर राठौर ने सबसे पहले 12:45 बजे अपना नामांकन पत्र पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में पहुंचकर दाखिल किया। इसी दौरान सपा प्रत्याशी के साथ आई गांव बिलहरी की छाया देवी पत्नी सत्यपाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा के दो, सपा का एक और एक निर्दलीय सहित कुल चार नामांकन पत्र दाखिल हुए।
बृहस्पतिवार को खंड विकास कार्यालय पर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए हुए नामांकन में सबसे पहले 12:45 बजे सपा प्रत्याशी राजवती राठौर अपने समर्थकों के साथ जुलूस के शक्ल में कार्यालय पहुंची। उनके साथ सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व ब्लॉक प्रमुख शक्ति कुमार सिंह उर्फ बूटी, उनके भाई जिला पंचायत सदस्य सौरभ सिंह गांधी, जिला महासचिव रणंजय सिंह, लालबाबू, संजीव वर्मा, देवदत्त वर्मा, दिव्यांश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रत्याशी और उसके प्रस्तावक समर्थक ने एआरओ टेबल पर पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गांव बिलहरी निवासी छाया देवी पत्नी सत्यपाल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। लगभग 1:30 बजे भाजपा प्रत्याशी कविता यादव ने पहला नामांकन पत्र अपने पति वरुण यादव के साथ पहुंचकर दाखिल किया। बाद में लगभग 2:45 बजे दूसरा नामांकन पत्र भाजपा विधायक रोशन लाल वर्मा और पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस के रूप में पहुंचकर दाखिल किया। इस दौरान प्रत्याशी कविता यादव के साथ टिकट की दावेदार रही कल्पना वर्मा भी मौजूद रहीं। वह प्रस्तावक के रूप में रहीं। इस दौरान भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा, अरुण यादव चैनू, भाजपा नगर अध्यक्ष राजीव राठौर, देवेंद्र कुमार गुप्ता, सुशील बाबू गुप्ता, सचिन गुप्ता, जय प्रकाश द्विवेदी सहित तमाम पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे। कुल 4 नामांकन पत्र दाखिल हुए। एआरओ डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि कुल नौ नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी। जिसमें चार नामांकन पत्र भरकर जमा किए गए। इसमें दो भाजपा प्रत्याशी और एक सपा प्रत्याशी तथा एक निर्दलीय प्रत्याशी का पर्चा भरा गया है। सभी नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए हैं।
-
निगोही : सपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज, भाजपा की जीत तय
निगोही। निगोही से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा से समर्थित सचिन वर्मा ने नामांकन दाखिल किया। सपा से समर्थित अजयपाल सिंह ने ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन कराया। भाजपा समर्थित प्रत्याशी सचिन वर्मा अपने पिता विधायक रोशनलाल वर्मा और अन्य समर्थकों के साथ निगोही विकास खंड गेट तक आए। सचिन, सत्यपाल सिंह, अतुल सिंह के साथ अंदर गए और 11:44 बजे नामांकन कराया।
उधर सपा समर्थित अजयपाल सिंह कार से निगोही विकास खंड गेट तक आए और वह तिलहर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राजीव वर्मा, वकील अवधेश सिंह के साथ नामांकन विंडो पर गए। 12:10 बजे उन्होंने नामांकन कराया। जांच में एआरओ ने पर्चा खारिज कर दिया। रिटर्निंग ऑफिसर गणेश गुप्ता ने नामांकन पत्र में प्रस्तावक की फोटो न लगने और जमा धनराशि की रसीद न लगने पर पर्चा खारिज किया। सपा नेता अजयपाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पर्चा खारिज करने की सूचना भी नहीं दी गई। संवाद
-
सिंधौली में सपा-भाजपा समेत चार नामांकन
सिंधौली। भाजपा से मछला सिंह पत्नी मुनेश्वर सिंह ने तो सपा से सीमा सिंह पत्नी अवधेश कुमार सिंह ने नामांकन कराया। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी रितू सिंह पत्नी सुनील सिंह और सुनीता सिंह पत्नी निरंकार सिंह ने नामांकन कराया। दोनों एक ही परिवार से हैं। रितू सिंह और सुनीता के समर्थन में भाजपा विधायक रोशनलाल वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पाल, एलडीबी अध्यक्ष राजेश्वर दयाल वर्मा थे। सीमा सिंह के समर्थन में सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां सहित तमाम सपा कार्यकर्ता नारे लगाते हुए ब्लॉक गेट तक पहुंचे। वही सीमा सिंह के साथ अंदर जाने को लेकर मजिस्ट्रेट अधिकारी वरुण से कहासुनी हुई। अवधेश सिंह को अंदर जाने नहीं दिया। उनसे कहा गया कि केवल तीन लोग ही जाएंगे । इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा जो पेपर जमा किए गए हैं, उनकी रिसीविंग दे दीजिएगा। सिंधौली में भाजपा के दो गुट दिखे। निर्दलीय प्रत्याशी रितु सिंह का परिवार भाजपा से ही ताल्लुक रखता है लेकिन उनको भाजपा से टिकट नहीं मिला। भाजपा के तिलहर विधायक रोशनलाल वर्मा सहित तमाम नेता उनके समर्थन में जा पहुंचे। एआरओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि कुल चार नामांकन हुए हैं जिसमें सीमा सिंह, रितू सिंह, मछला सिंह ने दो-दो सेट जमा किए हैं। वहीं सुनीता सिंह ने एक सेट जमा किया है।
-
जैतीपुर : सपा और भाजपा प्रत्याशी ने कराया नामांकन
जैतीपुर। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए सपा समर्पित प्रत्याशी करुणेश यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया जिनके समर्थन में आए कटरा विधानसभा के पूर्व सपा विधायक राजेश यादव अपने दल बल के साथ ब्लॉक गेट पर ही खड़े रहे। भाजपा से सपना कश्यप ने अपना पर्चा दाखिल किया। उनके समर्थन में पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना समर्थकों के साथ आए थे। संवाद
-
खुदागंज : अर्चना गुप्ता का एकल नामांकन, ब्लॉक प्रमुख बनना तय
खुदागंज। कटरा-खुदागंज से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा प्रत्याशी के रूप में अर्चना गुप्ता पत्नी प्रेम प्रकाश गुप्ता ने नामांकन कराया। वह पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र गुप्ता की भाभी हैं। अर्चना गुप्ता ने दो बार में दो सेट दाखिल किए। बसपा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे मोहित गुप्ता ने अपना पर्चा वापस ले लिया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, सत्यवान, बीएम सिंह, सेठपाल सिंह, सचिन गुप्ता, कटरा भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष अजीत सक्सेना आदि मौजूद रहे। एकल नामांकन होने के कारण अर्चना गुप्ता का निर्वाचन तय माना जा रहा है। संवाद
-
कांट : भाजपा और सपा प्रत्याशी ने दाखिल किए पर्चे
कांट। शाहजहांपुर ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को कांट ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी श्रीदत्त शुक्ला ने अपना नामांकन कराया। सैकड़ों समर्थकों के साथ आए श्रीदत्त शुक्ला ने एआरओ के समक्ष अपना नामांकन कराया। वहीं सपा से ईश्वरवती पत्नी सुखपाल सिंह ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
-
भावलखेड़ा : सपा और भाजपा में होगा मुकाबला
भावलखेड़ा। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए विकासखंड भावलखेड़ा में भाजपा एवं सपा प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल कराया। भाजपा प्रत्याशी राजाराम ने ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, उप्र सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष अवधेश दीक्षित, महानगर उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह, श्यामबाबू दीक्षित, महानगर कोषाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं सपा प्रत्याशी रूप में ज्योति कनौजिया ने नामांकन पत्र दाखिल कराया। इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष तनवीर खां, पूर्व एमएलसी संजय मिश्रा, रामवीर कनौजिया समेत दर्जनों सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-
मदनापुर : भाजपा समर्थित महेशपाल ने कराया नामांकन
मदनापुर। बृहस्पतिवार को भाजपा समर्थित महेशपाल ने ब्लॉक मुख्यालय में दोपहर 12 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ ददरौल से भाजपा विधायक के पुत्र अरविंद सिंह रहे। दोपहर तीन बजे तक का समय नामांकन के लिए निर्धारित किया गया था लेकिन दूसरा कोई प्रत्याशी नामांकन कराने नहीं पहुंचा। ऐसे में महेशपाल का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। संवाद
-
ददरौल : भाजपा के मुनीश्वरदयाल और पुत्रवधू ने कराया नामांकन
शाहजहांपुर। ददरौल ब्लॉक में भाजपा के मुनीश्वर दयाल ने ब्लॉक मुख्यालय में पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके अलावा उनकी पुत्रवधु पवन ने भी नामांकन कराया है। किसी अन्य के नामांकन न कराने के कारण माना जा रहा है कि मुनीश्वर दयाल का निर्वाचन निर्विरोध होगा। हालांकि शुक्रवार को पर्चा वापसी के साथ निर्विरोध निर्वाचन तय होगा। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें