शाहजहांपुर। रोजा क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती की युवक ने अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने साथ में जहरीला पदार्थ खाने की बात की और युवती को जहरीला पदार्थ लाकर दे दिया। युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया लेकिन आरोपी ने नहीं खाया। युवती को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी युवक व उसके दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
युवती के पिता ने रोजा थाने में तहरीर देकर बताया कि तौकीर उर्फ बबलू ने दो वर्ष पहले 18 वर्षीय बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। इन वीडियो के जरिये बेटी को ब्लैकमेल करने लगा। शादी का दबाव बनाने लगा। आरोपी से परेशान होकर बेटी अपनी ननिहाल चली गई।
यहां भी बबलू ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वह अपने दोस्त मोहल्ला रुकनपुर हुसैनपुर निवासी सुहेल के साथ वहां पहुंचा और बेटी को जहरीला पदार्थ दे दिया। उससे कहा कि अगर उससे शादी नहीं की तो वह जहरीला पदार्थ खा ले। उसने यह भी कहा कि वह भी जहरीला पदार्थ खाएगा। छह जून को सुबह दस बजे बेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
उसकी हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि पुलिस ने बबलू और सुहेल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की विवेचना शुरू कर दी है।