शाहजहांपुर। चैट के दौरान अश्लील वीडियो बनाकर महिला ने युवक को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। कई बार रुपये देने के बाद भी जब मांग कम न हुई तो युवक ने चौक कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घूरन तलैया निवासी रचित अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 फरवरी को एक महिला ने उसके फेसबुक अकाउंट पर चैटिंग शुरू कर दी। इसके बाद उसका मोबाइल ले लिया। महिला ने व्हाट्सएप पर मेसेज किया। आठ मार्च को शाम करीब सात बजे महिला ने वीडियो कॉल करके अश्लील बातें कीं और वीडियो रिकॉर्ड कर ली।
इसके बाद वीडियो एडिट करके युवक के मोबाइल पर भेज दिया, फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला ने कई बार में अपने साथी सुनील चौहान के अकाउंट में हजारों रुपये मंगाए। बदनामी के डर से युवक उसके खाते में रुपये डालता रहा। बार-बार रुपये मांगने और धमकाने से परेशान होकर युवक ने चौक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।