पुवायां मंडी में एसडीएम को ज्ञापन देते भाकिमयू कार्यकर्ता। संवाद
पुवायां। बंडा थाना प्रभारी के निलंबन की मांग को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन (भाकिमयू) राष्ट्रवादी के कार्यकर्ता 31वें दिन भी पुवायां मंडी परिसर के किसान भवन में धरने पर डटे रहे। सीओ ने लिखित प्रार्थना पत्र मिलने पर जांच कराने का आश्वासन दिया है।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बंडा थाना प्रभारी मारपीट समेत विभिन्न मामलों में रिपोर्ट दर्ज नहीं करते हैं। कुछ मामलों में एक महीने बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इसके अलावा अन्य समस्याओं का समाधान कराने की मांग कर तीन सितंबर को ज्ञापन दिया गया था। कार्रवाई नहीं होने पर धरना प्रदर्शन शुरू किया गया।
धरना प्रदर्शन के 31वें दिन एसडीएम सदानंद सरोज और सीओ प्रवीण मलिक ने मौके पर पहुंचकर किसान नेताओं से वार्ता की, लेकिन हल नहीं निकल सका। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि 10 अक्तूबर से भूख हड़ताल, चक्का जाम किया जाएगा। वार्ता के दौरान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मैकूलाल यादव, रमाकांत यादव, सियाराम शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाकिमयू पदाधिकारियों की ओर से बंडा थाना प्रभारी पर जो आरोप लगाए गए हैं इस संबंध में लिखित प्रार्थना पत्र देने के लिए कहा गया है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद जांच कर रिपोर्ट अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ, पुवायां