भाकियू (अराजनैतिक) के बैनर तले तहसील अध्यक्ष अनिल सिंह यादव के नेतृत्व में दो फरवरी को तमाम किसान एसडीएम सलिल कुमार पटेल से मिले थे और ज्ञापन देकर किसानों की समस्याओं का निराकरण कराए जाने की मांग की थी। कार्रवाई नहीं होने पर भाकियू कार्यकर्ता सोमवार से एसडीएम कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन पर बैठ गए।
धरना स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए भाकियू के तहसील अध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने कहा कि 30 दिसंबर को दिए गए ज्ञापन में किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर भाकियू ने आठ जनवरी से एसडीएम कार्यालय पर धरना शुरू किया था। तब एक सप्ताह में कार्रवाई की भरोसा देकर धरना समाप्त करा दिया गया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन में गांव बहेड़ा बाजारपुर में चारागाह और नवीन परती भूमि से अवैध कब्जा हटवाए जाने, गांव बरियौना जमीने भटिउरिया और सुजानपुर झरसा में पट्टे की भूमि से कब्जा हटवाए जाने, पारिवारिक लाभ योजना की राशि फर्जी रूप से निकालने वालों पर कार्रवाई किए जाने आदि मांगे की गई हैं।
धरना स्थल पर संतोष कुमार, रामाधार, रामकृष्ण शुक्ला, मुन्नी देवी, रामकुमार, सुखविंदर सिंह, विनोद राठौर, चोखेलाल, रमादत्त, मेवाराम, शिवराम, मुनेश कुमार, रामलखन वर्मा सहित तमाम किसान मौजूद रहे।